वुमन

महिला महासम्मेलन की तैयारियां; देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती के समापन समारोह को पीएम मोदी जम्बूरी मैदान में दो लाख बहनों को संबोधित करेंगे, इस महासम्मेलन की हर व्यवस्था की जिम्मेदारी 2000 महिला कार्यकर्ता संभालेंगी

31मई को देवी अहिल्याबाई की जयंती पर जम्बूरी मैदान में होने वाले महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी एवं संगठन महामंत्री ने प्रदेश कार्यालय में बैठक लेकर रूपरेखा तय की

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में 31 मई को देवी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर जम्बूरी मैदान में होने वाले महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ.महेंद्र सिंह एवं संगठन महामंत्री हितानंद जी ने प्रदेश कार्यालय भोपाल में बैठक को संबोधित किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा पीएम मोदी देवी अहिल्याबाई की जयंती पर होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी रचनात्मकता के साथ जुट जाएं। प्रदेश प्रभारी डॉ महेंद्र सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम की व्यवस्था में महिलाओं को जिम्मेदारी देकर हमें यह संदेश देना है कि 300 साल पहले लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर ने अगर राज्य की व्यवस्थाएं संभाली थीं, तो आज की बहनें भी इस आयोजन की जिम्मेदारी को संभाल सकती हैं। प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि प्रदेश लोकमाता की 300वीं जयंती मना रहा है। देवी अहिल्याबाई होल्कर ने जब व्यवस्थाओं की भारी कमी थी, ऐसे समय में स्वावलंबन, सुशासन और महिला सशक्तिकरण को लेकर मिसाल पेश की थी।

*अपनी भूमिका तय करें, उत्साह से तैयारी में जुट जाएं*

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा हमारा सौभाग्य है कि पीएम मोदी लोकमाता अहिल्याबाई की जयंती पर 31 मई को जम्बूरी मैदान में होने वाले महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में शामिल हो रहे हैं। अहिल्याबाई ने 300 साल पहले जिस तरह महिला सशक्तीकरण की अलख जगाई थी, उसी तरह पीएम मोदी भी महिला सशक्तीकरण का संकल्प लेकर काम कर रहे हैं। जी-20 की बैठक के दौरान पीएम ने कहा था यह ’वूमन लेड डेवलपमेंट’ का समय है। हम सभी ने देखा है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान किस तरह से दो महिला सैन्य अधिकारियों कर्नल सोफिया और विंग कमांडर व्योमिका सिंह को आगे लाकर जिम्मेदारी दी गई। 103 रेलवे पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों के लोकार्पण कार्यक्रम में भी पीएम की यही भावना दिखाई दी। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई की जयंती का कार्यक्रम बहनों का कार्यक्रम है और हमें इस कार्यक्रम की तैयारियों में पूरे उत्साह के साथ जुटना है। हमें यह सुनिश्चित करना है कि कार्यक्रम में प्रत्येक बूथ की बहनों की भागीदारी हो, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी भूमिका तय करें और क्रमबद्ध तरीके से योजना बनाकर काम करे। हमें समारोह में आने वाली मेहमान बहनों तथा अतिथियों के स्वागत की तैयारी उत्साह के साथ करना है। इसके साथ ही आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं को भी देखना है। आयोजन की तैयारियां इस भावना से की जाएं कि समूचे समारोह में हर तरफ उत्साह का प्रकटीकरण हो।

*हर व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालें महिला कार्यकर्ता*

भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि 31 मई को देवी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पूरे देश में मनाई जा रही है। जम्बूरी मैदान में महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में भाग लेने पीएम नरेंद्र मोदी आ रहे हैं। देवी अहिल्याबाई ने 300 साल पहले जिन मुश्किलों के बीच शासन व्यवस्था को संभाला और अपनी क्षमता साबित की, 21वीं सदी की हमारी बहनें भी उतनी ही सक्षम हैं, यह संदेश हमें इस कार्यक्रम के माध्यम से देना है। महासम्मेलन महिलाओं का है, इसलिए हमें आयोजन की जिम्मेदारी भी बहनों के हाथों में सौंपना है। इसके लिए 2000 बहनों का चयन करें और उनकी एक बैठक आयोजित कर उन्हें प्रशिक्षित करें। हमारा प्रयास हो कि कार्यक्रम में सुरक्षा से लेकर इसके प्रचार तक की व्यवस्थाएं महिलाएं संभालें और उनकी पोशाक भी एक जैसी हो। डॉ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम मोदी भोपाल आ रहे हैं, इसलिए हमें उनके स्वागत की भी उत्साहपूर्वक तैयारियां करना है। इस तरह के संदेश वाले होर्डिंग्स लगाएं और सोशल मीडिया पर भी ऐसी पोस्ट शेयर की जाएं, जिनमें देवी अहिल्याबाई और पीएम मोदी  द्वारा महिला सशक्तीकरण के लिए किए कामों का उल्लेख हो।

*देवी अहिल्याबाई ने समाज के हर वर्ग का उत्थान किया*

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि देवी अहिल्याबाई ने इंदौर-महेश्वर से 300 साल पूर्व हर समाज के उत्थान के साथ स्वावलंबन, सुशासन और महिला सशक्तिकरण को लेकर मिसाल पेश की थी। हमें गर्व है कि देवी अहिल्याबाई होल्कर की कर्मभूमि मध्यप्रदेश रही। देशभर में सड़कों, मंदिरों का निर्माण व मंदिरों का जीर्णोद्धार सहित घाटों-कुओं बावड़ियों को बनाने का कार्य किया। अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर उनके सम्मान में भाजपा कार्यकर्ता प्रदेशभर में 21 से 31 मई तक अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन कर जयंती मना रहे हैं। देवी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के समापन समारोह पर पीएम नरेंद्र मोदी जम्बूरी मैदान में महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में दो लाख बहनों को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि पीएम की ‘मन की बात कार्यक्रम’ में भोपाल जिला भी प्रदेश के टॉप छह जिलों में शामिल है। इस बात की प्रसन्नता है कि ‘मन की बात कार्यक्रम’ में सहभागिता करीब सौ प्रतिशत के आस-पास रह रही है। सभी इसके लिए बधाई के पात्र हैं, लेकिन लोगों से हमेशा जुड़ाव रहे इसके लिए हमें हमेशा निरंतर प्रयास कर नवचारों को अपनाते रहना होगा।

इस दौरान प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह जादौन, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक  रामेश्वर शर्मा, पार्टी के प्रदेश मंत्री  राहुल कोठारी, महापौर  मालती राय, पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह, जिला प्रभारी महेन्द्र यादव एवं जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति मंचासीन रहे।रहे।