जल्द पेयजल सप्लाई कंपनी के हवाले होगी, हर साल9.45 करोड़ का कंपनी को भुगतान
ग्वालियर। महानहर में अब शहरवासियों की पेयजल सप्लाई का काम आने वाले दिनों में प्राइवेट कंपनी के हाथों में होगा। ग्वालियर नगर निगम ने इसकी पूरी तैयारी भी कर ली है। जल्द ही प्राइवेट कंपनी पेयजल सप्लाई के संचालन और संधारण का काम देखेगी। इसके एवज में नगर निगम द्वारा प्राइवेट कंपनी को एक मोटी रकम भी हर साल अदा की जाएगी।
5 साल के लिए दिया जाएगा ठेका ग्वालियर नगर निगम अगले 5 साल के लिए विष्णु प्रकाश पुंगलिया कंपनी को ग्वालियर शहर की पेयजल व्यवस्था के संचालन और संधारण की जिम्मेदारी सौंपने जा रही है। इसके लिए नगर निगम कमिश्नर ने कंपनी और पीएचई के अधिकारियों के बीच बैठक भी आहूत करवा दी है। जल्द ही पेयजल सप्लाई की व्यवस्था कंपनी के हवाले कर दी जाएगी।
हर साल 9 करोड़ 45 लाख का कंपनी को भुगतान
ग्वालियर शहर की पेयजल व्यवस्था का काम देखने वाली कंपनी को हर साल नगर निगम की तरफ से 9 करोड 45 लाख का भुगतान किया जाएगा। इस तरह कुल 5 सालों में नगर निगम की तरफ से कंपनी को कुल 47 करोड़ 25 लाख का भुगतान किया जाएगा। इसके साथ ही उपभोक्ताओं से हर महीने पानी के बिल की वसूली भी नगर निगम का अमला ही करेगा।
मॉनिटरिंग और शिकायतों का निगम का रहेगा जिम्मा
प्राइवेट कंपनी द्वारा शहर में वाटर सप्लाई का संचालन और संधारण किया जाएगा, लेकिन वाटर सप्लाई से संबंधित शिकायतों के निराकरण का काम नगर निगम का अमला ही करेगा। इसके अलावा वाटर सप्लाई की मॉनिटरिंग का काम भी नगर निगम के अमले द्वारा किया जाएगा। यदि वाटर सप्लाई में कोई समस्या आती है तो उपभोक्ता को नगर निगम में ही शिकायत दर्ज करानी होगी।
If you have any objection regarding any news then you may please contact at gwaliorbreaking@gmail.com or +91-6262626200.
Copyright © 2020-21, All Rights Reserved