यामिनी ने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में 57 किग्रा जूडो स्पर्धा में रजत पदक जीता है , प्रदेश सरकार के खेल मंत्री सारंग ने वीडियो कॉल पर जूडो खिलाड़ी यामिनी को दी बधाई
भोपाल। कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बीच मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। जूडो में सागर की यामिनी मौर्य और वेटलिफ्टिंग में अजय बाबू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री यादव एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
खेल मंत्री सारंग ने कहा कि भारतीय खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय मंच पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। ऐसे में मध्यप्रदेश के दो खिलाड़ियों का कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतना पूरे प्रदेश के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि यामिनी मौर्य ने 57 किग्रा जूडो में शानदार संघर्ष और तकनीकी कौशल का परिचय देते हुए रजत पदक हासिल किया, वहीं अजय बाबू ने वेट लिफ्टिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सिल्वर मेडल जीतकर प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है।
मंत्री सारंग ने कहा कि यह सफलता प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें बड़े मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आत्मविश्वास देगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी प्रतियोगिताओं में भी मध्यप्रदेश और भारत के खिलाड़ी इसी प्रकार बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अधिक से अधिक पदक जीतेंगे।
वीडियो कॉल पर जूडो खिलाड़ी यामिनी को दी बधाई
कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो स्पर्धा में रजत पदक जीतकर मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाने वाली खिलाड़ी यामिनी मौर्य से मंत्री सारंग ने वीडियो कॉल पर उन्हें शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मंत्री सारंग ने कहा कि यामिनी मौर्य की यह सफलता मध्यप्रदेश और देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने का विश्वास व्यक्त किया।
खेल नीति के तहत मिलेगा सम्मान और प्रोत्साहन
मंत्री विश्वास सारंग ने घोषणा की कि मध्यप्रदेश सरकार की खेल नीति के अनुसार कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने वाले यामिनी मौर्य और अजय बाबू को 25-25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही खेल नीति के प्रावधानों के अनुरूप दोनों खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जाएगी।
खिलाड़ियों के लिए हरसंभव सहयोग दे रही सरकार
मंत्री सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना, आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य ऐसा खेल वातावरण तैयार करना है, जिससे मध्यप्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रौशन करते रहें।
मप्र की बेटियां खेल के क्षेत्र में लहरा रहीं हैं परचम : मुख्यमंत्री यादव ने सागर की बिटिया यामिनी मौर्य को दीं शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश की बेटियां खेल के क्षेत्र में परचम लहरा रहीं हैं। सागर की बिटिया यामिनी मौर्य ने अपने अनुशासन और अथक परिश्रम से यह सिद्ध कर दिया है। मुख्यमंत्री यादव ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में महिलाओं की 57 किग्रा जूडो स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर बिटिया यामिनी मौर्य को बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि बेटी यामिनी की उपलब्धियां प्रदेश के प्रत्येक युवा, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा स्त्रोत हैं। इस गौरवशाली उपलब्धि के पीछे यामिनी के कोच दीपक कुमार का प्रशिक्षण और समर्पण भी उतना ही प्रेरणादायी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बेटी यामिनी के कोच और प्रशिक्षकों को भी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
