ग्वालियर। मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) द्वारा मध्य प्रदेश भवन, नई दिल्ली में “वस्त्र एवं गारमेंट निवेश आउटरीच कार्यक्रम” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्वालियर एवं चंबल संभाग में वस्त्र एवं गारमेंट क्षेत्र में उपलब्ध निवेश अवसरों को प्रमुख उद्योग संगठनों एवं निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करना था। कार्यक्रम में टेक्सटाइल एसोसिएशन दिल्ली, ओखला इंडस्ट्रियल एसोसिएशन, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, ट्राइबर्ग सहित देशभर से 60 से अधिक उद्योगपति एवं निवेशकों ने भाग लिया। प्रमुख कंपनियों में ब्लैकबेरीज़ एवं वेलेंसिया अपैरल्स (नोएडा) की सहभागिता उल्लेखनीय रही।
PIDC की कार्यकारी निदेशक सुश्री अनीशा श्रीवास्तव ने ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में उपलब्ध औद्योगिक भूमि, राज्य की निवेश-अनुकूल औद्योगिक नीतियों, सिंगल विंडो क्लियरेंस प्रणाली तथा विभिन्न निवेश प्रोत्साहनों पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कुशल श्रमशक्ति, उत्कृष्ट कनेक्टिविटी और विकसित अधोसंरचना उपलब्ध है, जो इसे वस्त्र एवं गारमेंट उद्योग के लिए एक आकर्षक निवेश गंतव्य बनाती है। उद्योग प्रतिनिधियों ने मध्य प्रदेश सरकार एवं MPIDC की इस पहल की सराहना करते हुए ग्वालियर-चंबल क्षेत्र को वस्त्र उद्योग का उभरता हुआ केंद्र बताया। कई निवेशकों ने क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयाँ स्थापित करने में रुचि जताई तथा MPIDC अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा भी की।
