स्पोर्ट्स

पद्मश्री और तेनजिंग नोर्गे नेशनल एडवेंचर अवार्डी सत्येन्द्र सिंह लोहिया ने इतिहास रचा है ; सीएम ने इंटरनेशनल पैरा स्विमर सत्येन्द्र सिंह लोहिया को दी बधाई

पैरा स्विमर लोहिया ने दुनिया के सबसे मुश्किल समुद्री चैनलों में से एक न्यूज़ीलैंड के कुक स्ट्रेट को सफलतापूर्वक पार किया है, वे कुक स्ट्रेट को जीतने वाले एशिया के पहले पैरा स्विमर बन गए हैं

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश के इंटरनेशनल पैरा स्विमर सत्येन्द्र सिंह लोहिया को दुनिया के सबसे मुश्किल समुद्री चैनलों में से एक, न्यूज़ीलैंड के कुक स्ट्रेट को सफलतापूर्वक पार करने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पद्मश्री और तेनजिंग नोर्गे नेशनल एडवेंचर अवार्ड जीतने वाले  सत्येन्द्र सिंह लोहिया ने इतिहास रच दिया है। इस शानदार कामयाबी के साथ, वे कुक स्ट्रेट को जीतने वाले एशिया के पहले पैरा स्विमर बन गए हैं। उनकी यह असाधारण कामयाबी देश और मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय है। सत्येन्द्र सिंह लोहिया के ज़बरदस्त जज़्बा और पक्का इरादा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्त्रोत रहेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अंतरराष्ट्रीय पैरा स्विमर सत्येंद्र लोहिया को दी बधाई

 भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने पद्मश्री तथा तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार से सम्मानित मध्यप्रदेश के गौरव, अंतरराष्ट्रीय पैरा स्विमर सत्येंद्र लोहिया को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि सत्येंद्र लोहिया ने विश्व के अत्यंत चुनौतीपूर्ण समुद्री मार्गों में शामिल न्यूज़ीलैंड के कुक स्ट्रेट की लगभग 30 किमी लंबी समुद्री तैराकी को सफलतापूर्वक पार कर नया इतिहास रचा है। इस असाधारण उपलब्धि के साथ वे कुक स्ट्रेट को पार करने वाले एशिया के प्रथम पैरा तैराक बन गए हैं। यह उपलब्धि साहस, समर्पण और अदम्य इच्छाशक्ति का प्रेरक उदाहरण है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  खण्डेलवाल ने कहा कि सत्येंद्र लोहिया की यह सफलता न केवल मध्यप्रदेश, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। विपरीत परिस्थितियों को चुनौती देते हुए उन्होंने अपने अटूट संकल्प, कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास से यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति के सामने कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती। उनका संघर्ष और सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।