स्पोर्ट्स

"टी-20 वर्ल्ड कप 2026"; भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबला अब निर्धारित शेड्यूल के तहत होगा: श्रीलंका के हस्तक्षेप के बाद मानी पाकिस्तान सरकार, 15 फरवरी को बहु-प्रतीक्षित मुकाबला

भारत-पाकिस्तान के बीच आखिरी ICC मैच चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में खेला गया था, अब टी-20 वर्ल्ड कप में 15 फरवरी को कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में यह मैच खेला जाना है

 नई दिल्ली /ग्वालियर। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला बहु-प्रतीक्षित मुकाबला अब निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही खेला जाएगा। यह मैच 15 फरवरी को कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में ही खेला जाना है।

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को भारत - पाकिस्तान के बीच आखिरकार यह बहु-प्रतीक्षित मुकाबला होगा। पाकिस्तान की सरकार ने सोमवार रात को अपने X अकाउंट से पोस्ट करके यह जानकारी दी है।

शहबाज सरकार ने पोस्ट में बताया है कि पीएम शहबाज को श्रीलंका के राष्ट्रपति दिसानायके ने फोन करके भारत से मैच खेलने की अपील की थी। इसके साथ ही बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रेसिडेंट अमीनुल इस्लाम ने भी PCB से मैच खेलने की सिफारिश की थी।

बता दे कि रविवार को लाहौर में हुई ICC, PCB और BCB की त्रिपक्षीय बैठक के बाद इस मुद्दे पर सहमति बन गई थी। स्पोर्ट्स न्यूज़ क्रिक-बज के अनुसार, जल्द ही आधिकारिक घोषणा भी की जाएगी कि भारत-पाकिस्तान मैच अपने तय शेड्यूल पर ही होगा। बहुपक्षीय चर्चाओं और मित्र देशों के अनुरोधों को देखते हुए पाकिस्तान सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। पाकिस्तान टीम 15 फरवरी 2026 को ICC मेंस टी-20 वर्ल्ड कप का यह मैच खेलेगी।

बैठक के दौरान यह भी स्पष्ट किया है कि पाकिस्तान की मैच बहिष्कार की धमकी लंबी और मैराथन बैठक के बावजूद किसी बड़े फायदे में नहीं बदल पाई। ICC प्रेसिडेंट जय शाह की अहम भूमिका इस कूटनीतिक फैसले में अंततः कामयाब रही है।

दरअसल, बांग्लादेश को टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर करने के विरोध में पाकिस्तान ने 15 फरवरी भारत से होने वाले मुकाबले का बायकॉट करने का ऐलान किया था। हालांकि, पाकिस्तान ने बाकी मैच खेलने पर सहमति जताई थी।

PAK मीडिया का दावा- शर्तें मानी गईं हैं.! 

पाकिस्तान की मीडिया का दावा है कि PCB की शर्तें ICC ने मान ली गई हैं, लेकिन इंडिया टुडे की रिपोर्ट में दावा किया है कि ICC ने पाकिस्तान की तीनों मांगे खारिज कर दी हैं। ICC ने इस पर कोई बयान नहीं दिया है, लेकिन उनकी ओर से जारी विज्ञप्ति में यह कहा है कि बांग्लादेश पर कोई जुर्माना नहीं लगेगा। उन्हें भविष्य में एक ईवेंट भी दिया जाएगा।