ग्वालियर। 84वी अखिल भारतीय सिंधिया स्वर्ण कप हाॅकी प्रतियोगिता के 8वे दिन एससीआर सिकंदराबाद ने मुम्बई को हराकर एवं एनसीआर प्रयागराज ने कपूरथला को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता का फाइनल मैच आज बुधवार को दोपहर बाद खेला जायेगा। प्रतियोगिता का समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयेाजन दोपहर 1ः30 बजे से किया जायेगा।
उपायुक्त सह खेल अधिकारी सत्यपाल सिंह ने जानकारी देते हुये बताया कि रेलवे हाॅकी स्टेडियम लोको हजीरा के हरे-भरे मैदान पर आयोजित की जा रही 84वी अखिल भारतीय सिंधिया स्वर्ण कप हाॅकी प्रतियोगिता के 8वे दिन पहला सेमीफाइनल मैच सीटीसी. मुम्बई एवं एससीआर सिकंदराबाद के बीच खेला गया। सेमीफाइनल के इस पहले मुकाबले में सिकंदराबाद की टीम शुरू से ही दूसरी टीम पर भारी रही और एक के बाद एक लगातार 5 गोल मारकर 5-1 से फाइनल में प्रवेश किया। सिकंदराबाद की टीम से प्रताप एवं मनीश ने 2-2 गोल किये एवं सुमन ने एक गोल किया। वहीं मुम्बई की ओर से एक मात्र गोल प्रथमेश ने किया।
सहायक खेल अधिकारी अयोध्याशरण शर्मा ने बताया कि आज के दूसरे सेमीफाइनल मैच में आरसीएफ कपूरथला एवं एनसीआर. प्रयागराज की टीमों ने जमकर संघर्ष किया। दोनों ही टीमों के खिलाडी लगातार गोल के लिये तरसते रहे। पहले एनसीआर प्रयागराज की टीम ने एक गोल किया और बाद में बडे संघर्ष के साथ कपूरथला की टीम ने एक गोल मारकार मुकाबला बराबर कर लिया और मैच के आखिरी तक स्कोर एक-एक पर ही रहा। अब निर्णय शूट आउट से होना था तो दोनो ही टीमों के अनुभवी खिलाडी आये और एनसीआर. प्रयागराज की टीम ने 4-1 से शूट आउट में मुकाबला जीत लिया।
