स्पोर्ट्स

84वी अखिल भारतीय सिंधिया गोल्ड कप हॉकी; सांई मणिपुर एवं एएससीबी जालंधर अगले दौर में, सांई राउरकेला उडीसा एवं हाॅस्टल पंपोश टूर्नामेंट से बाहर

सिंधिया गोल्ड कप के तीसरे दिन 4 दिसंबर को पहला मैच 12 बजे झारखण्ड एवं महाराष्ट्र इलेवन एवं दूसरा मैच दोपहर 2 बजे से एएससीबी. जालंधर एवं विजय ग्रुप एसीडी के बीच होगा

ग्वालियर। 84वी अखिल भारतीय सिंधिया स्वर्णकप हाॅकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन पहले मैच में सांई मणिपुर एवं दूसरे मैच में एएससीबी जालंधर ने अपने-अपने मैच जीत कर अगले दौर में प्रवेश किया और सांई राउरकेला उडीसा एवं हाॅस्टल पंपोश को बाहर का रास्ता दिखाया।

उपायुक्त व खेल अधिकारी सत्यपाल सिंह ने जानकारी देते हुये बताया कि रेलवे हाॅकी स्टेडियम लोको हजीरा के हरे-एस्ट्रोटर्फ मैदान पर आयोजित की जा रही 84वी अखिल भारतीय सिंधिया स्वर्णकप हाॅकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन पहला मैच सांई मणिपुर एवं स्पोर्टस हाॅस्टल पंपोश के बीच खेला गया। मुकाबला बहुत ही रोमांचक रहा। दोनों टीमों के खिलाडी़ गोल के लिये तरसते रहे। सांई मणिपुर की टीम ने दो गोल किये एवं स्पोर्टस हाॅस्टल पंपोश की टीम एक भी गोल नहीं कर पाई। मुकाबला 2-0 से सांई मणिपुर के नाम रहा। मणिपुर की टीम से सागर और सचिन ने एक-एक गोल किया।

इसी प्रकार बुधवार को दूसरा मैच सांई राउरकेला उडीसा एवं एएससीबी जालंधर के बीच खेला गया। जिसमें जालंधर की टीम ने एक के बाद एक चार गोल दाग दिए। राउरकेला की टीम दो गोल ही कर पाई और मुकाबला 4-2 से जालंधर के पक्ष में रहा। जालंधर की टीम की ओर से सिरिल ने दो, तुसार और हासप्रीत ने एक-एक गोल किये ,वहीं राउरकेला की टीम से बीजू और आकाश ने एक- एक गोल किया।

सिंधिया गोल्ड कप के तीसरे दिन के मैच

सहायक खेल अधिकारी नमन कौरव ने जानकारी में बताया कि अखिल भारतीय सिंधिया स्वर्ण-कप हाॅकी प्रतियोगिता के तीसरे दिन 4 दिसंबर 2025 को पहला मैच 12.00 बजे झारखण्ड एवं महाराष्ट्र इलेवन एवं दूसरा मैच दोपहर 2.00 बजे से एएससी.बी. जालंधर एवं विजय ग्रुप एसीडी के बीच खेला जायेगा।