ग्वालियर। जन अभियान परिषद एवं राज्य आनंद संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में विकासखंड स्तरीय ‘अल्पविराम परिचय कार्यशाला’ आयोजित की जा रही हैं। इस कड़ी में मंगलवार को जनपद पंचायत सभागार डबरा में कार्यशाला का आयोजन हुआ।
इस एक दिवसीय कार्यशाला में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, वन, राजस्व, जनपद एवं महिला-बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत डबरा की सीईओ उषा पी शर्मा ने कहा कि खुशी, उत्साह और मनोयोग से किया गया कार्य सदैव उत्कृष्ट होता है। आनंद विभाग द्वारा ऐसी कार्यशालाएं कर्मचारियों को तनावमुक्त होकर कार्य करने की प्रेरणा देती हैं।
जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक धर्मेन्द्र दीक्षित ने कहा कि अल्पविराम कार्यशाला जीवन में ठहराव और सकारात्मक सोच का अभ्यास कराती है। आनंद विभाग के धर्मेन्द्र त्रिवेदी ने आनंद विभाग की गतिविधियों को जीवन में ऊर्जा और उत्साह का स्रोत बताया।
कार्यशाला का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत डबरा उषा शर्मा, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक धर्मेंद्र कुमार दीक्षित और आनंद संस्थान के हेमंत त्रिवेदी सहित प्रशिक्षक विजय बाथम, डॉ. रूपा आनंद, भारती शाक्य एवं सुश्री रेशमा बानो उपस्थित रहीं।
