ग्वालियर। ग्वालियर जिले के पनिहार व आसपास में शूट हुई फिल्म “विमुक्त, इन द सर्च ऑफ स्काई” विश्व प्रसिद्ध टोरंटो फिल्म फेस्टिवल में चयनित हुई है। फिल्म के डायरेक्टर जितांक सिंह गुर्जर ग्वालियर से ही है। फिल्म की कहानी ग्रामीण परिवेश में संघर्ष करते एक मजदूर परिवार की है।
ग्वालियर में बनाई गई यह फिल्म विश्व स्तर पर अपना नाम दर्ज कराने में सफल हुई है। “विमुक्त” को टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में वर्ल्ड प्रिमियर के लिए चुना गया है। ग्वालियर के पनिहार, बरई , पवा व पावटा इलाके में शूट की गई फिल्म बेहद कम समय में तैयार की गई है। इसका क्लाइमेक्स प्रयागराज में कुंभ के दौरान शूट किया गया है। फिल्म की प्रोड्यूसर पूजा विशाल शर्मा हैं एवं डीओपी शैली शर्मा है। इसी के साथ को प्रोड्यूसर अर्पण राऊत, आकर्षी भानुशाली , पूनम खरे व नवीन शेट्टी है। फिल्म के मुख्य पात्रों में निखिल यादव, राघवेंद्र भदौरिया व मेघना अग्रवाल है। विश्व प्रसिद्ध ये फिल्म फेस्टिवल कनाडा के टोरंटो में 4 से 14 सितंबर तक आयोजित होगा। फिल्म यूनिट ने ग्वालियर कलेक्टर रुचिका सिंह चौहान, एसएसपी धर्मवीर सिंह व ग्वालियर के नागरिकों का आभार व्यक्त किया है।
