लाइफस्टाइल

“जब जल बचेगा-तभी कल सजेगा”; जल गंगा संवर्धन अभियान में जल सहेजने भितरवार वासियों को किया जागरूक, सौजना में बोरी बंधान बनाकर दिया जल संरक्षण का संदेश

जन अभियान परिषद के तत्वावधान में भितरवार कस्बे में निकली जागरुकता रैली, उधर नवांकुर संस्था व सफल युवा मण्डल की अगुआई में किया श्रमदान

ग्वालियर। पानी की बचत, वर्षा जल सहेजने, पुरानी जल संरचनाओं का जीर्णोद्धार एवं कम पानी में अधिक पैदावार देने वाली फसलों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से भितरवार में रविवार को जन जागरूकता रैली निकाली गई। प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत निकली इस रैली में जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समितियों एवं मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम से जुड़े विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। 

जन अभियान परिषद के भितरवार विकासखंड के समन्वयक  मनोज दुबे ने बताया कि यह रैली शासकीय महाविद्यालय भितरवार से शुरू होकर कस्बे के मुख्य मार्ग से होकर गुजरी। रैली में “जल है तो जीवन है, धान नहीं मूँग उगाना है व पानी के अपव्यय को बचाना है, कम पानी में अधिक उपज” जैसे नारे लगाते हुए रैली आगे बढ़ी। 

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत निकली इस रैली में वर्षा शर्मा, सरिता शर्मा, कुलदीप नामदेव, कोमल सिंह रावत, आनन्दकवि, हरि बाथम, मनीष शर्मा, प्रदीप कुशवाह, रविन्द्र बाथम, सौरव कर्ण, रामू बघेल, लक्ष्मण बाथम, आकाश रावत, शिवानी गौतम, गरिमा भार्गव, रश्मि बाथम, निकिता जाटव, ममता रावत, बीना परिहार, सरिता बघेल, पूनम बघेल, रेनू रावत, श्रीदेवी प्रजापति, सोवरन बघेल सहित अन्य सेवाभावी नागरिकों ने सहभागिता की। 

 जन अभियान परिषद की अगुआई में सौजना में श्रमदान किया

जल गंगा संवर्धन अभियान में जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था व नेहरू युवा केन्द्र से जुड़े युवा मण्डल भी लोगों को जल संरक्षण व संवर्धन के प्रति जागरूक करने में महती भूमिका निभा रहे हैं। इसी कड़ी में जिले के विकासखंड घाटीगाँव के ग्राम सौजना में नवांकुर संस्था व सफल युवा मण्डल द्वारा श्रमदान कर बोरीबंधान बनाया और लोगों को संदेश दिया कि “जब जल बचेगा-तभी कल सजेगा”। ग्रामवासी आगे आकर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस पुनीत अभियान में सहभागी बनें। इस मौके पर सभी को जल संरक्षण व संवर्धन की शपथ भी दिलाई गई। 

कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक  विनोद शर्मा, सफल युवा मण्डल अध्यक्ष अरविंद सिंह कुशवाह ने श्रमदान की अगुआई की। श्रमदान कार्यक्रम में सुश्री रीना गुर्जर व सुश्री खुशबू तथा सर्वश्री प्रवीण कुशवाह, महेंद्र कुशवाह, लक्ष्मण सिंह, गोलू, जसवंत कुशवाह, जितेंद्र कुशवाह, चमन कुशवाह, रामलखन, मनीष, आशिक, रेशमा खान, कल्लू खान आदि ने उपस्थित होकर बोरी बंधान बनाने में सहयोग किया।