ग्वालियर। स्वामी विवेकानंद जी की जयंती 12 जनवरी को युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। युवा दिवस पर ग्वालियर जिले में भी विभिन्न शासकीय व अशासकीय संस्थाओं में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन होगा। सामूहिक सूर्य नमस्कार की तैयारियां जारी हैं। इस सिलसिले में यहाँ भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान परिसर में मुरार, मुरार ग्रामीण तथा घाटीगाँव के शिक्षकों को सूर्य नमस्कार व योग कराने के लिए मास्टर ट्रेनर्स के रूप में प्रशिक्षित किया गया। इस प्रशिक्षण का बीते रोज को समापन हुआ।
इस अवसर पर संयुक्त संचालक लोक शिक्षण दीपक पाण्डेय, आईआईटीटीएम के निदेशक आलोक शर्मा, जिला परियोजना समन्वयक रविन्द्र सिंह तोमर, जिला योग प्रभारी दिनेश चाकरणकर, ब्रम्हकुमारी संस्था के प्रहलाद भाई, हार्टफुलनेस की समन्वयक सुश्री अर्चना शर्मा, पतंजलि योग समिति के शिव कुमार पाहवा व आर्य समाज के सतेन्द्र शास्त्री सहित अन्य विषय विशेषज्ञों ने सूर्य नमस्कार व योग की महत्ता पर प्रकाश डाला। साथ ही जीवन को खुशहाल बनाने के तरीके बताए।
सीपीसीटी परीक्षा अब 11 और 12 जनवरी को होगी
सीपीसीटी (कंप्यूटर प्रोफिशिएंसी सर्टिफिकेशन टेस्ट) परीक्षा अब 11 और 12 जनवरी को होगी। मध्य प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमपीएसईडीसी) से प्राप्त जानकारी अनुसार इस परीक्षा में केवल वही परीक्षार्थी शामिल हो सकते है जिन्होंने दिनांक 29, 30 नवंबर और 1 दिसम्बर की परीक्षा के लिए पूर्व में आवेदन किया था और इन तिथियों में प्रस्तावित परीक्षा अपरिहार्य कारणों से स्थगित हो गई थी। परीक्षार्थी अपने प्रवेश पत्र सीपीसीटी पोर्टल (www.cpct.mp.gov.in) से डाउनलोड कर सकते हैं ।
